आँगनवाड़ी कर्मियों की मांगों को लेकर निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग से वार्ता, कई मांगों पर बनी सहमति*
*आँगनवाड़ी कर्मियों की मांगों को लेकर निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग से वार्ता, कई मांगों पर बनी सहमति*
________________________
शिमला। आँगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की राज्य कमेटी की ओर से 8 जून की हड़ताल के प्रथम चरण के तहत आज महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन की ओर से सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, आँगनवाड़ी यूनियन की राज्य अध्यक्ष नीलम जसवाल, राज्य महासचिव वीना शर्मा, बिमला, सुषमा, अनुराधा सहित राज्य कमेटी के सात सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए यूनियन की राज्य महासचिव वीना शर्मा ने कहा कि बैठक में आँगनवाड़ी कर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विभाग ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि आँगनवाड़ी कर्मियों को ग्रेच्युटी देने के लिए स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से लंबित सुपरवाइजर भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने का आश्वासन भी विभाग की ओर से दिया गया है।
वीना शर्मा ने कहा कि ड्यूटी के दौरान आँगनवाड़ी कर्मी की मृत्यु अथवा दुर्घटना में विकलांगता होने की स्थिति में Workmen’s Compensation Act, 1923 के तहत लाभ देने के मुद्दे पर भी विभाग ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे लागू करने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड में आँगनवाड़ी कर्मियों के परिवार के सदस्यों को शामिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ वार्ता की जाएगी। साथ ही आँगनवाड़ी कर्मियों से अन्य विभागों के कार्य न करवाने का भी विभागीय स्तर पर आश्वासन दिया गया है।
यूनियन ने पोषण ट्रैकर पर कार्य करने के लिए कर्मि
यों को मोबाइल फोन उपलब्ध करवाने की मांग रखी, जिस पर जल्द फोन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया। मिनी आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को वरिष्ठता सूची में शामिल करने पर भी सकारात्मक सहमति बनी। राज्य माहसचिव वीना शर्मा एवं राज्य अध्यक्ष नीलम जसवाल ने कहा कि आँगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी हरियाणा की तर्ज पर करने तथा सेवानिवृत्ति आयु पंजाब की तर्ज पर निर्धारित करने के मुद्दे पर भी विभाग के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा कि 2 से 3 वर्ष की आयु के बच्चों को आँगनवाड़ी केंद्रों में बैठाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनती नजर आ रही है। इसके अलावा सभी आँगनवाड़ी केंद्रों में हाइट एवं वजन मापने की मशीनें शीघ्र उपलब्ध करवाने तथा पोषाहार की गुणवत्ता और मात्रा में सुधार करने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आँगनवाड़ी सहायिकाओं के पदोन्नति के अवसर बढ़ाने तथा पंचायत स्तर पर पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई है। वीना शर्मा एवं नीलम जसवाल ने कहा कि यूनियन आँगनवाड़ी कर्मियों की मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी कर्मियों के सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियों और स्थायी सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में दिए गए आश्वासनों को समयबद्ध तरीके से लागू करवाने के लिए यूनियन विभाग के साथ लगातार संपर्क में रहेगी।

Comments
Post a Comment