23 अक्टूबर को संगड़ाह में करेंगे मांगों को ले कर प्रदर्शन:- ज्योति शर्मा
आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में 12 वर्षों से एक रुपये की भी वृद्धि नहीं: आशीष कुमार
23 अक्टूबर को प्रदर्शन, 1-2 दिसंबर को दिल्ली घेराव में संगड़ाह से सैकड़ों कर्मी लेंगी भाग
संगड़ाह। आंगनवाड़ी वर्करज एवं हेल्परज यूनियन संबंधित सीटू, प्रोजेक्ट संगड़ाह की बैठक नीलम जी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कर्मियों की लंबित मांगों पर चर्चा करते हुए 23 अक्टूबर को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार, जिला कमेटी सदस्य लखबीर चौहान, यूनियन महासचिव शीला, सरोज, ज्योति, बीना, धन्यवंती, सुनीता, राधा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए ज्योति शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मी बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है।
सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में पिछले 12 वर्षों से एक रुपये की भी वृद्धि नहीं हुई है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच इतने कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल है। सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन योजनाओं को धरातल पर लागू करने वाली महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मियों को सम्मानजनक मानदेय और कर्मचारी का दर्जा देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने घोषणा की कि 23 अक्टूबर को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा तथा 1 और 2 दिसंबर को दिल्ली घेराव में संगड़ाह क्षेत्र से सैकड़ों आंगनवाड़ी वर्करज एवं हेल्परज भाग लेंगी।
बैठक में मानदेय वृद्धि एरियर सहित लागू करने, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ग्रेच्युटी, EPF, नियमित कर्मचारी का दर्जा, ₹3,000 मासिक पेंशन और सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा मेडिकल अवकाश, दुर्घटना एवं मृत्यु पर मुआवजा, आयुष्मान कार्ड में पूरे परिवार को शामिल करने, फोन रिचार्ज और लंबित बिलों का भुगतान तथा खराब मोबाइल बदलकर नए स्मार्टफोन उपलब्ध करवाने की मांग की गई।
यूनियन ने अतिरिक्त विभागीय ड्यूटी पर रोक,
पात्र सहायिकाओं को कार्यकर्ता पदों पर प्राथमिकता, पारदर्शी स्थानांतरण नीति और छुट्टियों की सुविधा देने की मांग भी की।
सीटू नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार मानदेय वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जायज मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी कर्मियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

Comments
Post a Comment